दुष्कर्म के आरोपी की थाने से फरारी: थानेदार सहित पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड, आरोपी पर 5000 का इनाम घोषित

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के खम्हरिया थाना क्षेत्र में एक गंभीर चूक सामने आई है, जहां दुष्कर्म का एक आरोपी थाने से फरार हो गया। इस लापरवाही ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू ने कड़ी कार्रवाई करते हुए खम्हरिया थाने के कुल पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया। निलंबन की चपेट में आने वालों में थाने के निरीक्षक (TI) चंद्रदेव वर्मा, सहायक उप निरीक्षक (ASI) भानु प्रताप पटेल, एक प्रधान आरक्षक और दो आरक्षक शामिल हैं।
थाने की सुरक्षा में गंभीर चूक
एसपी रामकृष्ण साहू ने बयान जारी करते हुए कहा, “यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और थाने की सुरक्षा में हुई चूक को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि आरोपी की फरारी थाने की लापरवाही का परिणाम है और इससे पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5000 का इनाम
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उसकी जानकारी देने वालों को 5000 का नकद इनाम देने की घोषणा भी की गई है। इससे स्पष्ट है कि पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कोई कोताही नहीं बरतेगी। इस घटना के बाद जिले के सभी थानों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। थानों में बंद आरोपियों की निगरानी अब और अधिक सख्त की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस पूरे मामले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही और सुरक्षा में चूक अब किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।





