छत्तीसगढ़ में दहशत फैलाने एलटीटीई से प्रशिक्षण लिया था बसवराजु ने
बस्तर आईजी सुंदरराज का खुलासा

बस्तर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में 21 मई को हुई मुठभेड़ में मारे गए सीपीआई (माओवादी) के महासचिव बसवराजु को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि बसवराजु ने श्रीलंका के प्रतिबंधित आतंकी संगठन एलटीटीई से सुरक्षा बलों को निशाना बनाने का प्रशिक्षण लिया था।
बसवराजु की मौत के बाद माओवादी संगठन को तकनीकी जानकारी और सैन्य रणनीति के स्तर पर बड़ा झटका लगा है। सुंदरराज ने बताया कि यह संगठन अलग-अलग इकाइयों में बंटा है जो आईईडी ब्लास्ट, एंबुश और सुरक्षा बलों पर हमले जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। एलटीटीई से प्रशिक्षण प्राप्त करने की कई बार जानकारी मिली है।
माओवादी संगठन नेतृत्वहीन और दिशा विहीन
आईजी ने कहा कि रामन्ना की मौत के बाद संगठन नेतृत्व संकट से जूझ रहा है। पांच साल में कोई नया नेता नहीं उभरा। वर्तमान नेतृत्व 70 साल की उम्र पार कर चुका है और युवाओं की भागीदारी घटती जा रही है। संगठन अब अपने अंत की ओर बढ़ रहा है।
पीएलजीए-1 और हिंसा छोड़ने की अपील
आईजी सुंदरराज ने कहा कि पीएलजीए बटालियन-1 के खिलाफ लगातार अभियानों से उनका प्रभाव कम हुआ है। उन्होंने हिंसा छोड़ आत्मसमर्पण करने की अपील की। मुठभेड़ में 27 नक्सली मारे गए, जिनमें बसवराजु शामिल था। भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।





