सलमान खान के घर में घुसा छत्तीसगढ़ का एक अनजान शख्स, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर/मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के बांद्रा स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ में 20 मई की शाम एक अनजान शख्स घुस आया। शाम करीब 7 बजकर 15 मिनट पर यह शख्स बिना इजाजत के उनके घर में दाखिल हो गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में पता चला कि इस शख्स का नाम जितेंद्र कुमार सिंह है और वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह सलमान के घर क्यों आया था। क्या वह सिर्फ एक फैन है या इसके पीछे कोई और वजह है?
इस घटना के बाद फिर से सलमान खान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इससे पहले भी उन्हें कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। पिछले महीने ही वर्ली ट्रैफिक विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा मैसेज आया था, जिसमें सलमान को जान से मारने और उनकी कार में बम लगाने की बात कही गई थी। इस मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी मयंक पांड्या को पकड़ लिया था। वह गुजरात के वडोदरा जिले का निवासी है और मानसिक रूप से बीमार बताया गया है।
सलमान खान को पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकियां मिली थीं। 14 अप्रैल 2024 को उनके घर के बाहर फायरिंग भी हुई थी। इसी कारण उन्हें महाराष्ट्र सरकार की ओर से वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।
सलमान के फैंस और स्थानीय लोग इन घटनाओं से काफी परेशान हैं और अभिनेता की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस इस ताजा मामले को भी गंभीरता से जांच रही है।





