छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, 9 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट

छत्तीसगढ़:भीषण गर्मी से झेल रहे छत्तीसगढ़ में अब मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार, 10 मई को मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड और यलो अलर्ट जारी किया है।
बस्तर संभाग के 9 जिलों – कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, धमतरी और गरियाबंद में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक, हल्की बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना है।
वहीं बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर और बस्तर जैसे जिलों में रेड अलर्ट लगाया गया है। यहां तेज हवाएं और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से नमी युक्त हवाएं छत्तीसगढ़ की ओर आ रही हैं। इससे मौसम में बदलाव हो रहा है। हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं हुई है, लेकिन मौसम की उथल-पुथल का असर सेहत पर जरूर पड़ सकता है।
10 मई को प्रमुख शहरों का तापमान:
दुर्ग: 40.2°C
रायपुर: 38.9°C (न्यूनतम 25.2°C)
बिलासपुर: 39.4°C (न्यूनतम 26.1°C)
अंबिकापुर: 36.0°C (न्यूनतम 21.9°C)
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले हफ्ते प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे हल्की से मध्यम बारिश के साथ तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है।





