गोलीकांड के बाद रेत माफियाओं पर प्रशासन सख्त, 475 ट्रैक्टर अवैध रेत जब्त

बिलासपुर। बिलासपुर में रेत तस्करी पर गोलीकांड के बाद प्रशासनिक अधिकारी एक्शन मोड में आ गए है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने रेत माफियाओं पर एक्शन करने का निर्देश खनिज विभाग को दिया है। कलेक्टर के इस निर्देश के खनिज माफियाओं पर शिकंजा कसना विभागीय अफसरों ने शुरु कर दिया है। इसी कड़ी में बिल्हा तहसील के पिरैया और नगाड़ाडीह गांव में अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अफसरों ने भंडारा करने वालों पर सख्ती की है, लेकिन खुलेआम माइनिंग करने वाले माफिया अभी भी अफसरों की गिरफ्त से दूर है।

पिरैया में 435 ट्रैक्टर रेत जब्त

पिरैया गांव में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 17 अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से डंप की गई 435 ट्रैक्टर रेत को प्रशासन ने जब्त कर लिया है। जब्त की गई रेत गांव के सरपंच के सुपुर्द की गई है। इसी तरह नगाड़ाडीह गांव में रामलाल रात्रे द्वारा रखी गई 40 ट्रैक्टर रेत भी जब्त की गई है, जिसे उप सरपंच के हवाले किया गया।

संयुक्त टीम ने की छापेमारी

इस कार्रवाई को कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर और एसडीएम बिल्हा के मार्गदर्शन में राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। मौके पर तहसीलदार संदीप साय, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश चंद्रवंशी, माइनिंग इंस्पेक्टर राजू यादव, हल्का पटवारी, सरपंच और कोटवार भी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने अवैध रेत खनन और भंडारण करने वालों को चेतावनी दी है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कार्यों पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button