राजभवन में आपात स्थिति से निपटने मॉकड्रिल का आयोजन

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका के निर्देश पर आज राजभवन परिसर में आपात स्थिति से निपटने की तैयारी के लिए मॉकड्रिल (अभ्यास) किया गया। इसमें सुरक्षा, चिकित्सा, आग बुझाने, बिजली और दूसरी जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
मॉकड्रिल शुरू होने से पहले नगर सेनानी पुष्पराज सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगर कोई आपदा आती है तो पहले एक-एक मिनट के छोटे सायरन से सतर्क किया जाएगा और जब स्थिति सामान्य हो जाएगी, तब तीन मिनट का लंबा सायरन बजेगा।

इस अभ्यास में कर्मचारियों को यह सिखाया गया कि अगर हमला हो जाए, आग लग जाए या भवन गिरने लगे तो कैसे खुद को सुरक्षित रखें। ऐसे हालात में तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर मदद बुलाने का भी अभ्यास कराया गया, जिससे फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और मेडिकल टीम समय पर पहुंच सके।
इस मौके पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय, राजभवन के सभी अधिकारी-कर्मचारी और एसडीआरएफ की टीम मौजूद रही।





