दुर्ग: तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार 3 नाबालिगों को मारी टक्कर, हालत गंभीर

दुर्ग जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मोहन नगर थाना क्षेत्र के ग्रीन चौक के पास एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार तीन नाबालिग लड़कों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि स्कार्पियो (CG 08 AR 8822) की तलाशी लेने पर उसमें बियर की कई खाली और भरी बोतलें मिलीं, जिससे अंदेशा है कि ड्राइवर नशे में था। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बताया कि दुर्घटना ड्राइवर की लापरवाही की वजह से हुई।
गाड़ी चला रहा आरोपी चूड़ामणि साहू, जो राजनांदगांव का निवासी है, को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर स्कार्पियो को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।





