बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 से 22 नक्सलियों को मार गिराया गया

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ जारी ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर चल रहे इस ऑपरेशन में तड़के सुबह से जारी मुठभेड़ में 20 से 22 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। अब तक 18 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
यह ऑपरेशन छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के आखिरी गढ़ कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर चलाया जा रहा है, जहां सुरक्षाबल नक्सलियों को चारों ओर से घेरकर कार्रवाई कर रहे हैं। इस ऑपरेशन को लेकर दिल्ली से सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, सीआरपीएफ आईजी राकेश अग्रवाल और बस्तर आईजी पी. सुंदरराज लगातार निगरानी कर रहे हैं।
सुरक्षाबलों के डीआरजी, कोबरा, सीआरपीएफ और एसटीएफ के जवान नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक सुरक्षाबल एक और बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ने ट्वीट कर बताया कि चुनौतीपूर्ण मुठभेड़ में 15 से अधिक माओवादियों को मार गिराया गया है और इस सफलता के लिए सुरक्षाबलों को सलाम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से मार्च 2026 तक माओवाद का खात्मा सुनिश्चित है।





