नाबालिग ने सिम्स अस्पताल में बच्चे को दिया जन्म, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

मुंगेली जिले की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया है। जैसे ही यह जानकारी पुलिस को मिली, कोतवाली थाना की टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को यह सूचना एक अज्ञात व्यक्ति ने दी थी कि एक नाबालिग लड़की गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली सीएसपी और आईपीएस अधिकारी अक्षय प्रमोद सबद्रा की टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग व उसके परिवार से पूछताछ की।
पूछताछ में पता चला कि नाबालिग की शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रह रही थी। पुलिस ने जब शादी की पुष्टि की, तो उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह मामला फिलहाल जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज किया गया है और अब इसे मुंगेली जिले की पुलिस को सौंपा जाएगा।
पुलिस का कहना है कि नाबालिग की उम्र से जुड़े दस्तावेज और बाकी सबूतों की जांच की जाएगी। अगर यह साबित होता है कि बाल विवाह हुआ था, तो इसमें शामिल सभी जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।





