किसानों के प्रदर्शन से पहले पंजाब पुलिस का एक्शन, कई किसान नेता नजरबंद

चंडीगढ़। पंजाब में एक बार फिर किसान आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन इससे पहले ही पुलिस एक्शन में आ गई है। सोमवार को पंजाब पुलिस ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर समेत कई नेताओं के घरों पर छापेमारी की और उन्हें नजरबंद कर दिया। किसानों ने इस कार्रवाई को लेकर राज्य की भगवंत मान सरकार की कड़ी आलोचना की है।
6 मई को शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन का ऐलान
किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने मंगलवार 6 मई को शंभू पुलिस थाने के बाहर धरने का ऐलान किया है। उनका आरोप है कि सरकार ने पहले भी बलपूर्वक आंदोलन को खत्म करवाया था और अब फिर से किसानों को डराने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री की सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी ऐसा प्रदर्शन जो आम जनता को परेशान करे, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि सड़कों को जाम करने या ट्रेनों को रोकने की कोशिश को जनता के खिलाफ कार्रवाई माना जाएगा और इसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
डल्लेवाल को तड़के किया नजरबंद
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर बताया कि सोमवार तड़के 4 बजे पुलिस उनके फरीदकोट स्थित घर पहुंची और उन्हें नजरबंद कर दिया गया। उन्होंने कहा, “मुझे मालूम है कि मैं ज़्यादा घूम-फिर नहीं सकता, फिर भी सरकार डर गई है और मुझे घर से निकलने नहीं दिया जा रहा है।”
बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस ने खनौरी और शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। किसान संगठनों का दावा है कि कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है और पुलिस लगातार दबाव बना रही है, लेकिन वे अपने आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखेंगे।





