जातीय जनगणना पर मायावती का बड़ा बयान: बीजेपी और कांग्रेस पर ओबीसी के शोषण का आरोप

लखनऊ । देश में जातीय जनगणना को लेकर सियासत गरमा गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि दोनों ही पार्टियां सिर्फ ओबीसी वोटों की राजनीति कर रही हैं, जबकि असली हितैषी सिर्फ बसपा है।
“बीजेपी-कांग्रेस की नीयत नहीं है साफ” – मायावती
मायावती ने कहा कि अगर बीजेपी और कांग्रेस की नीयत व नीति बहुजन समाज के प्रति साफ होती, तो आज ओबीसी समाज देश के विकास में बराबरी का भागीदार होता। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर का आत्म-सम्मान और स्वाभिमान का सपना तभी पूरा हो सकता है, जब ओबीसी समाज अपनी राजनीतिक ताकत को पहचाने और बसपा के साथ खड़ा हो।
“वोट हमारा, राज तुम्हारा – अब नहीं चलेगा”
मायावती ने ट्वीट करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ओबीसी समाज “वोट हमारा, राज तुम्हारा” की सोच को खत्म करे और अपने पैरों पर खड़ा हो। उन्होंने अपील की कि ओबीसी, दलित और बहुजन समाज बीजेपी और कांग्रेस जैसी पार्टियों पर भरोसा न करे, क्योंकि उनका मकसद सिर्फ सत्ता पाना है, न कि बहुजन समाज का उत्थान।
जातीय जनगणना पर श्रेय लेने की होड़
मायावती ने आरोप लगाया कि जातीय जनगणना के फैसले को लेकर अब बीजेपी और कांग्रेस दोनों श्रेय लेने की होड़ में लगे हैं, जबकि सालों से इन दलों ने इस मुद्दे पर सिर्फ टालमटोल किया। उन्होंने कहा कि बसपा शुरू से ही बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।





