10वीं में पास कराने के नाम पर छात्रा के पिता से 6 हजार की ठगी

दुर्ग। भिलाई में साइबर ठगों ने अब बोर्ड परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर ठगी करना शुरू कर दिया है। ताजा मामला रानीतरई थाना क्षेत्र का है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने एक छात्रा के पिता को कॉल कर कहा कि उनकी बेटी 10वीं बोर्ड परीक्षा में दो विषयों में फेल हो गई है।

ठग ने कहा कि अगर वे तुरंत पैसे जमा कर दें, तो उनकी बेटी को पास करवा दिया जाएगा। परेशान पिता ठग की बातों में आ गए और पास के एक चॉइस सेंटर से बताए गए अकाउंट में 6 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

जैसे ही पैसे ट्रांसफर हुए, आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया। तब जाकर परिजनों को ठगी का अहसास हुआ और वे सीधे रानीतरई थाने पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी कॉल या पैसे मांगने वालों पर भरोसा न करें। परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सिर्फ स्कूल या बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी लें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button