तेजस्वी-राहुल की मुलाकात के बाद सीएम फेस पर सस्पेंस बरकरार, बोले- “हम आपस में तय कर लेंगे”

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में 15 अप्रैल को दिल्ली में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ अहम बैठक हुई। इस मीटिंग को सीएम चेहरे को लेकर बेहद अहम माना जा रहा था, लेकिन बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि “हम लोग आपस में बैठकर तय कर लेंगे।”
सीएम फेस पर खुलकर नहीं बोले तेजस्वी यादव
बैठक के बाद जब पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से सीएम फेस को लेकर सवाल किया तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, “आप लोग चिंतित मत होइए, हम आपस में तय कर लेंगे।” इससे साफ है कि महागठबंधन में अभी भी सीएम उम्मीदवार को लेकर पूरी सहमति नहीं बनी है। हालांकि तेजस्वी ने यह जरूर कहा कि “हमारी पूरी तैयारी है और हम सभी मिलकर बिहार को आगे ले जाएंगे।”
17 अप्रैल को पटना में अगली बैठक
तेजस्वी यादव ने इस बैठक को “काफी पॉजिटिव” बताया और कहा कि अगली रणनीति 17 अप्रैल को पटना में होने वाली महागठबंधन की बैठक में तय की जाएगी। उन्होंने बिहार में हो रहे पलायन और विकास की कमी को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “बिहार के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है, सबसे ज्यादा पलायन यहीं से हो रहा है।”
कांग्रेस और आरजेडी के बीच अब भी मतभेद
हालांकि कांग्रेस और आरजेडी ने मिलकर चुनाव लड़ने की सहमति जताई है, लेकिन सीएम फेस और सीट बंटवारे को लेकर मतभेद साफ नजर आ रहे हैं। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पहले ही तेजस्वी को सीएम चेहरा घोषित कर दिया है, लेकिन कांग्रेस ने अब तक इस पर समर्थन नहीं दिया है। कांग्रेस का मानना है कि सभी फैसले आपसी सहमति से किए जाएं। ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों से महागठबंधन की स्थिति और साफ हो सकती है।





