प्रदेश भर में नन्हे रोज़दारों का सम्मान

छत्तीसगढ़
समाज में सेवा, सद्भाव और संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑल मुस्लिम वेलफ़ेयर फाउंडेशन अब एक मजबूत सामाजिक संगठन बनकर उभरा है। छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में संस्था द्वारा लगातार समाज के हित में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में सोमवार को एक विशेष आयोजन में प्रदेशभर में एक साथ “नन्हे रोज़दारों” का सम्मान किया गया।

अल्लाह की रज़ा के लिए, नन्ही उम्र में रखा रोज़ा – और मिला सम्मान
रमज़ान के पाक महीने में अल्लाह की इबादत के लिए छोटी उम्र में रोज़ा रखने वाले मासूम बच्चों को हौसला देने और उनके जज़्बे को सलाम करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कोंटा, दंतेवाड़ा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में यह कार्यक्रम बड़े सम्मान और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
सामाजिक सहभागिता और नेतृत्व की मिसाल
इस आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न सामाजिक कमेटियों का भरपूर सहयोग रहा। अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज, महमूद जुबेर, अतहर खान, एडवोकेट सैयद शौकत अली, रहीम खान, आशिफ, उपाध्यक्ष हाजी वसीम अहमद, हाजी क़ासीमुद्दीन और कई अन्य सम्माननीय जनों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में बच्चों को सम्मान पत्र, उपहार और प्रोत्साहन सामग्री भेंट की गई, जिससे उनके अंदर आत्मविश्वास और धार्मिक मूल्यों के प्रति आस्था और भी मजबूत हो सके।
फाउंडेशन की सोच – सेवा ही सच्चा धर्म है
ऑल मुस्लिम वेलफ़ेयर फाउंडेशन का उद्देश्य सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि वह शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
बच्चों, युवाओं और बुज़ुर्गों को समाज में सम्मान और अवसर दिलाने की दिशा में संस्था का यह प्रयास एक प्रेरणास्पद पहल है।





