हनुमान जन्मोत्सव की भक्ति में डूबा शहर मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हनुमान चालीसा का पाठ और भंडारे का आयोजन

बिलासपुर। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर पूरा शहर भक्ति में रंगा नजर आया। शनिवार को चैत्र पूर्णिमा के पावन दिन भक्तों ने सुबह से ही हनुमान मंदिरों का रुख किया और बजरंगबली की पूजा-अर्चना में लीन हो गए। मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लग गई थी। लोग हाथों में फूल, नारियल, प्रसाद और पूजा सामग्री लेकर पहुंचे और पूरे विधि-विधान से बजरंगबली का पूजन किया। पंडितों द्वारा विशेष पूजा कराई गई, जिसमें भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा से भाग लिया। इस मौके पर मंदिरों को सजाया गया था और जगह-जगह भंडारे लगाए गए, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया पर्व

हनुमान जन्मोत्सव का शुभ मुहूर्त इस बार सुबह 3:21 बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह 5:51 बजे तक रहा। इस दौरान भक्तों ने उपवास रखकर और सच्चे मन से पूजा कर हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। मान्यता है कि इस दिन की गई पूजा से सभी कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था और हर तरफ “जय बजरंगबली” के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला और हर उम्र के लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से पर्व में भाग लिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button