राशन न मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश, कलेक्ट्रेट पहुंचकर जताया विरोध

मस्तुरी: क्षेत्र में राशन वितरण को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां के ग्रामवासियों ने उचित मूल्य दुकान के संचालक मनीराम कुर्रे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मनीराम ने फरवरी और मार्च महीने में 1280 कार्डधारियों से अंगूठे का निशान तो ले लिया, लेकिन राशन नहीं दिया। इसमें चावल और शक्कर दोनों शामिल हैं।
ग्रामीणों के अनुसार जब उन्होंने राशन मांगा तो सेल्समैन ने साफ इनकार कर दिया और धमकी दी कि “जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इससे नाराज ग्रामीणों ने पहले ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपना आक्रोश जताया।
ग्रामीणों ने दी चक्काजाम की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि यह सब उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है और गरीबों का राशन खुलेआम हड़पा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि दोषी सेल्समैन मनीराम कुर्रे को तत्काल पद से हटाया जाए और फरवरी-मार्च महीने का बकाया राशन तुरंत वितरित किया जाए।
इस मौके पर सुरजीत टंडन, रहीन कैवर्त, सहजादि सहित कई लोगों ने अपनी बात रखते हुए ठोस कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे चक्काजाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन ग्रामीणों की नाराजगी साफ झलक रही थी।





