नवमी पर हुआ कन्या पूजन और हवन, देवी मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब

बिलासपुर: पूरे देश में नवरात्र के नौ दिन भक्ति और आस्था से भरे रहे। माता रानी की आराधना में लीन भक्तों ने नवमी के अवसर पर कन्या पूजन, हवन और ब्राह्मण भोजन का आयोजन किया। इसी कड़ी में बिलासपुर के अशोक नगर स्थित मां बगदाई मंदिर में विशेष पूजा-अनुष्ठान का आयोजन हुआ।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पहले हवन और पूजा संपन्न हुई, फिर ब्राह्मणों और कन्याओं को भोजन कराया गया। समिति के सदस्यों ने कन्याओं को उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। शाम को भक्तों ने विधि-विधान से जवारे का विसर्जन किया।
नवरात्र के नौ दिनों में मां बगदाई मंदिर में भक्ति का विशेष माहौल रहता है। भक्त रोज मंदिर पहुंचकर देवी को अर्पण करते हैं और आशीर्वाद लेते हैं। खास बात यह है कि बिलासपुर के खमतराई में स्थित एक अनोखा मंदिर ऐसा भी है जहां देवी मां को नारियल या फल-फूल नहीं, बल्कि कंकड़ और पत्थर का भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि सिर्फ 5 कंकड़ चढ़ाने से मां प्रसन्न हो जाती हैं और भक्तों की मनोकामना पूरी करती हैं।
यहां हर नवरात्र में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं और मां की पूजा करते हैं। साल में चार बार नवरात्र मनाए जाते हैं – दो मुख्य नवरात्र और दो गुप्त नवरात्र। हर बार भक्त पूरी श्रद्धा और भक्ति से मां की आराधना करते हैं।
नवमी के दिन देवी मंदिरों में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। भक्तों ने मां से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और देश की भलाई की प्रार्थना की। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आस्था से भरा नजर आया।





