प्रिंसिपल पर धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप, छात्रा को हॉस्टल से बाहर निकाला

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के होली क्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी की एक हिंदू छात्रा ने कॉलेज की प्रिंसिपल सिस्टर विंसी जोसफ पर धर्म परिवर्तन करने और नन बनने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। छात्रा का दावा है कि जब उसने इस दबाव का विरोध किया, तो उसे हॉस्टल से बाहर निकाल दिया गया और परीक्षा से वंचित करने की कोशिश की गई।
छात्रा ने बताया कि उसे कॉलेज में दाखिला लेने के बाद से ही प्रिंसिपल द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। यह दबाव फाइनल ईयर तक बढ़ गया। 1 अप्रैल 2024 को उसे अचानक हॉस्टल से बाहर कर दिया गया। छात्रा का आरोप है कि उसके मना करने के बाद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और कॉलेज कैंपस में आने से भी रोका गया। इसके अलावा, उसे वार्षिक परीक्षा से वंचित करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी तरह परीक्षा में बैठने की अनुमति मिली। हालांकि, प्रैक्टिकल में जानबूझकर उसे बाहर रखा गया।
छात्रा ने इस मामले में कलेक्टर और एसपी को शिकायत दी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने यह भी कहा कि अगर समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाए तो और भी लड़कियों को इसी तरह धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला जा सकता है। इस घटना के बाद जिले में हिंदू संगठनों का आक्रोश फैल गया है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख करनैल सिंह ने इसे गरीब हिंदू बेटियों के खिलाफ साजिश बताया है और इस संस्था को बंद करने की मांग की है। वहीं, प्रिंसिपल सिस्टर विंसी जोसफ ने सभी आरोपों को खारिज किया है और इसे छात्रा की “छवि धूमिल करने की कोशिश” करार दिया है। इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है, और यह देखा जाएगा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर क्या कदम उठाए जाते हैं।





