बिलासपुर:दिनदहाड़े डीजल चोरी, पुलिस बनी मूकदर्शक

बिलासपुर, रतनपुर। खंडोबा-खूंटाघाट बाइपास पर खुलेआम डीजल चोरी का धंधा फल-फूल रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह चोरी किसी सुनसान इलाके में नहीं, बल्कि दिनदहाड़े सड़क किनारे हो रही है। ट्रक, ट्रेलर और डीजल टैंकर से चोर बेखौफ डीजल निकालते हैं और इसे सस्ते दामों पर बेच देते हैं। लंबे समय से जारी इस अवैध कारोबार पर पुलिस कार्रवाई करने से कतरा रही है, जिससे उसकी मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।
कैसे हो रही चोरी?
इस चोरी के कई तरीके हैं। कई बार ट्रक और टैंकर चालक खुद अपनी गाड़ियों से डीजल निकालकर चोरों को बेच देते हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। कुछ मामलों में चोर ट्रकों की टंकियों में पिन डालकर या पाइप लगाकर डीजल निकाल लेते हैं। इसके लिए हाईवे किनारे झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले कुछ लोगों का भी इस्तेमाल किया जाता है।
कहां बिकता है चोरी का डीजल?
चोरी का डीजल आसपास के ढाबों, मैकेनिक दुकानों और ट्रैक्टर मालिकों को बेचा जाता है। पेट्रोल पंपों की तुलना में इसे 10 रुपए प्रति लीटर सस्ते में बेचा जा रहा है, जिससे ईंधन खरीदने वाले लोगों में इसकी काफी मांग है।
पुलिस की मिलीभगत का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध धंधे की जानकारी अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। इससे यह साफ हो रहा है कि पुलिस की मिलीभगत के बिना यह गोरखधंधा नहीं चल सकता। ट्रांसपोर्ट कंपनियों और पेट्रोल पंप मालिकों को इस चोरी से बड़ा नुकसान हो रहा है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही से चोर बेखौफ अपना काम कर रहे हैं।
जनता में आक्रोश
क्षेत्र में बढ़ती डीजल चोरी से लोग नाराज हैं और प्रशासन से इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अगर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह अवैध कारोबार और भी बढ़ सकता है।





