तीनदिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ आज

सुकमा, 16 मार्च 2025 छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव कार्यालय, महानदी भवन, मंत्रालय द्वारा जारी पत्र क्र./106/ओ.एस.डी./मु.स.का./2025 दिनांक 24.02.2025 के अनुसार, जनजाति बाहुल्य बस्तर संभाग की स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक परंपरा को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से बस्तर पंडूम 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन सुकमा जिले में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन और मार्गदर्शन में किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय बस्तर पंडूम प्रतियोगिता का आयोजन 17 मार्च से 19 मार्च तक किया जाएगा, जो सभी विकासखंडों में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बस्तर अंचल की लोककला, शिल्प, तीज-त्यौहार, खानपान, बोली-भाषा, रीति-रिवाज, वेश-भूषा, आभूषण, वाद्ययंत्र, पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत, लोकनाट्य, पेयपदार्थों के मूल स्वरूप को संरक्षण और संवर्धन करना है। इसके साथ ही, जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सर्व एसडीएम (सुकमा/कोंटा/छिंदगढ़) को नोडल अधिकारी और सर्व जनपद सीईओ को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, संबंधित मंडल संयोजक और खंड स्त्रोत समन्वयक की ड्यूटी भी इस आयोजन के लिए लगाई गई है।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के बाद, विजयी प्रतिभागियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 मार्च से 23 मार्च तक जिला मुख्यालय सुकमा में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।





