रायपुर:कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने साप्ताहिक समय सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की

रायपुर: कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक में कलेक्टर ने जिला अंतर्गत चल रहे विभागीय कार्यों, निर्माण कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम और अन्य संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों और किसानों को खेतों में बचे पैरा को आग से जलाने से रोकने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने लंबित आवेदनों और समय सीमा से बाहर के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने सहकारिता विभाग के तहत ग्राम पंचायतों को सहकारी समितियों से आच्छादित करने और छोटे कटेकोनी में आरआईडीएफ योजना के तहत कार्यालय एवं गोदाम निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा कार्य, जीओ टैगिंग और डोर टू डोर कचरा संग्रहण जैसे कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और शेष कार्डों का निर्माण शीघ्र करने के आदेश दिए। इसके साथ ही सिकल सेल एनीमिया एलिमिनेशन मिशन और चिरायु योजना जैसी स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा भी की।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति और स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली। कृषि विभाग से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि योजना और ई-केवाईसी जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत विभिन्न आवासों की स्थिति की जानकारी ली और सभी विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पेंशन प्रकरण, जल जीवन मिशन के कार्य और अन्य लंबित कार्यों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

समाप्ति पर कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को समय सीमा में प्रकरणों का त्वरित और उचित निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, एसडीएम, तहसीलदार और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button