कांकेर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के ठिकानों को ध्वस्त किया

कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले कांकेर के पुजारी कांकेर इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जवानों ने नक्सलियों के ठिकानों पर धावा बोलते हुए उनके ऊंचे स्मारकों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इस बार सुरक्षा बल पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे।पारंपरिक हथियारों के बजाय, जवानों ने जेसीबी जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल किया, ताकि नक्सलियों द्वारा बनाए गए ठिकानों और संरचनाओं को पूरी तरह नष्ट किया जा सके।
सुरक्षा बलों ने भेजा सख्त संदेश
हाल ही में पुजारी कांकेर में फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस (FOB) कैंप स्थापित किया गया है। यह इलाका तेलंगाना की सीमा से सटा हुआ है और इंटरस्टेट रेड कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है। यहां लगातार नक्सली गतिविधियां देखी जाती थीं। कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 12 हार्डकोर नक्सली मारे गए थे।
सुरक्षा बलों ने इस ऑपरेशन के जरिए साफ संदेश दिया है कि अब सरकार और जवान किसी भी हालत में नक्सली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
नक्सलियों के मनोबल पर पड़ा असर
नक्सली अपने मारे गए साथियों की याद में स्मारक बनाते हैं, जो उनके गुटों के लिए प्रेरणा का केंद्र होते हैं। लेकिन जवानों ने इन स्मारकों को नष्ट कर दिया, जिससे नक्सलियों का मनोबल कमजोर हुआ है।
सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई नक्सल प्रभावित इलाकों में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इससे नक्सलियों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा और स्थानीय लोगों को भी सुरक्षा का अहसास होगा।





