CG News:गांवों में खुलेआम बिक रही अवैध शराब, प्रशासन बना मौन दर्शक

CG News:अर्जुनी। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम टोनाटार, अर्जुनी, रवान और खम्हरिया में लंबे समय से अवैध शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी नशे की लत की शिकार होती जा रही है। कई परिवार इस वजह से आर्थिक संकट में आ गए हैं और घर उजड़ने की कगार पर हैं।
आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन को इस अवैध कारोबार की पूरी जानकारी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों और भारत माता वाहिनी समूह की महिलाओं ने इस समस्या को लेकर जिला पंचायत के पूर्व सभापति मुरारी मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन को कई बार शिकायत दी, लेकिन शराब की बिक्री बंद होने की बजाय और बढ़ती जा रही है।
सुबह से ही लग जाती है शराबियों की भीड़
गांव के नरवा पारा जैतखाम चौक, सरकारी कुएं और बगबुढ़वा तालाब के पास कई जगह अवैध शराब का धंधा चल रहा है। सुबह चार से पांच बजे के बीच कुछ होटल खुल जाते हैं और इनके पास ही शराब की अवैध बिक्री शुरू हो जाती है। यहां सुबह से ही शराबियों की भीड़ लगी रहती है। इसी तरह, शाम के समय सरकारी कुएं के पास भी शराबियों की भारी भीड़ जमा हो जाती है।
गांव में बढ़ रही अपराध और असामाजिक गतिविधियां
गांव में लंबे समय से बिना किसी रोक-टोक के शराब बेची जा रही है। पुलिस कार्रवाई नहीं होने की वजह से अवैध शराब बेचने वालों के हौसले बुलंद हैं। शराब बिक्री के कारण गांव में अपराध और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे बैठक कर कई बार अवैध कारोबारियों को रोकने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन ये लोग पुलिस से सांठगांठ होने की बात कहकर धमकाने लगते हैं।
महिलाओं और ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि इस अवैध शराब बिक्री के कारण युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। कई परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है, क्योंकि घर के पुरुष शराब में ही पैसा बर्बाद कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने और दोषियों को दंडित करने की मांग की है, ताकि गांव का माहौल सुधर सके और युवा नशे से बच सकें।





