दिल्ली विधानसभा:पुराने दिनों को यादकर भावुक हुए मोहन बिष्ट, जानें क्या बोले डिप्टी स्पीकर

दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के नए डिप्टी स्पीकर के रूप में चुने गए मोहन सिंह बिष्ट ने सदन में अपने पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक प्रतिक्रिया दी। छह बार कविधायक बिष्ट इस बार मुस्तफाबाद सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। डिप्टी स्पीकर पद के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके नाम का अनुमोदन किया। अपने संबोधन में बिष्ट ने कहा कि नम्रता और विनम्रता उनके गहने हैं, और वे दिल्ली को आगे बढ़ाने में अपना पूरा योगदान देंगे। उन्होंने सभी विधायकों को विश्वास दिलाया कि वे नियमों के तहत कार्य करेंगे और सभी सदस्यों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस दौरान, सदन में आम आदमी पार्टी (AAP) और दिल्ली सरकार को लेकर विपक्ष ने तीखा हमला बोला। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि AAP सरकार ने कैग (CAG) की रिपोर्ट को विधानसभा में पेश होने से रोकने के लिए हरसंभव कोशिश की। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “अगर इस रिपोर्ट को संक्षेप में कहा जाए तो ‘झाड़ू वाला ही दारू वाला है’।” वहीं, संगम विहार से विधायक चंदन कुमार चौधरी ने AAP पर वोट बैंक की राजनीति करने और विशेष वर्ग को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में पानी माफिया सक्रिय हैं, जो केवल उन घरों में पानी पहुंचाते हैं जहां AAP का वोट बैंक मजबूत है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी विपक्ष ने आम आदमी पार्टी को घेरा। बीजेपी विधायक ओपी शर्मा ने दावा किया कि विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र में 2000 सीसीटीवी कैमरों का भुगतान किया गया था, लेकिन केवल 40 कैमरे ही लगाए गए। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से गबन, घोटाले और भ्रष्टाचार का मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विपक्ष ने आरोप लगाया कि AAP सरकार पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन असल में भ्रष्टाचार में लिप्त है और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है।





