निर्माणाधीन कॉलोनी में असुरक्षा का माहौल, रहवासी कॉलोनाइजर पर लगा रहे गंभीर आरोप

बिलासपुर: बिलासपुर जिले के गीतांजलि सिटी से सटे निर्माणाधीन स्वर्णिम ऐरा कॉलोनी के निवासियों ने कॉलोनाइजर पर वादा खिलाफी और सुरक्षा में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कॉलोनाइजर ने उन्हें सर्वसुविधायुक्त और सुरक्षित आवास का वादा कर ऊँचे दामों पर मकान बेचे, लेकिन आज स्थिति विपरीत है। कॉलोनी में न तो बाउंड्रीवाल बनी है, न ही सुरक्षा के उचित इंतजाम किए गए हैं, जिससे यहां रहने वाले परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
रहवासियों के अनुसार, बाउंड्रीवाल के अभाव में असामाजिक तत्व शाम होते ही कॉलोनी में घुस आते हैं। ये लोग खाली मकानों में नशापान करते हैं, गाली-गलौज और झगड़ा करते हैं, जिससे माहौल भयावह बना हुआ है। रहवासियों ने नगर निगम, पुलिस और कॉलोनाइजर से कई बार शिकायत की, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। अब जब कॉलोनी में एक बच्ची का दर्दनाक मर्डर हो गया, तब प्रशासन और अधिकारी मौके पर आ रहे हैं, लेकिन पहले उनकी तकलीफों को नजरअंदाज किया जाता रहा।
रहवासियों का कहना है कि कॉलोनाइजर ने कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा गार्ड नियुक्त करने का वादा किया था, लेकिन ये केवल अपने सामान की सुरक्षा तक सीमित हैं। कॉलोनीवासियों ने एसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है और कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अब बड़ा सवाल यह है कि वे अपने परिवार को लेकर कहाँ जाएं, क्योंकि वे लगातार असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।





