रिटायर्ड शिक्षक के घर डकैती, ज्वैलरी समेत 3 लाख नगद लेकर फरार हुए आरोपी

लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी मे डकैतों ने पूर्व प्रधान पाठक के घर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। आरोपी घर में घुसे और कनपटी में बंदूक लगाकर एक किलो चांदी, 10 तोला सोने के आभूषण, और तीन लाख रुपए नगदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
पूर्व प्रधान पाठक द्वारिका दास वैष्णव ने बताया कि रात करीब 8 बजे उनकी पत्नी और बच्चे के साथ घर में थे, तभी तीन नकाबपोशों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही उन्होंने कनपटी पर बंदूक सटाकर घर में रखे सामान और नगदी को लूटने की धमकी दी। डकैती के दौरान नकाबपोशों ने बुजुर्ग दंपती के हाथ भी बांध दिए थे।
तीन आरोपी घर के अंदर डकैती कर रहे थे, जबकि तीन अन्य बाहर निगरानी कर रहे थे। डकैती के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि बेटी की शादी के लिए जो गहने और नगदी उन्होंने घर में रखे थे, वह भी लूटकर ले गए। डकैती की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल मौके पर पहुंचे और कहा कि मामले में जांच शुरू हो गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





