CHORI: पूर्व मुख्यमंत्री के फार्म हाउस में चोरी, FIR दर्ज

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के फार्म हाउस में चोरी की घटना सामने आई है। अमलेश्वर पुलिस ने फार्म हाउस के चौकीदार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
चौकीदार नरोत्तम यादव ने पुलिस को बताया कि वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कुरुदडीह स्थित फार्म हाउस में काम करता है, जहां इस समय धान बोई का काम चल रहा है। फार्म हाउस में सिंचाई के लिए बनाए गए एक कमरे की कुंडी तोड़कर चोरों ने पीतल के 5 नल चुरा लिए।
चौकीदार ने बताया कि वह रोज की तरह बुधवार सुबह फार्म हाउस गया तो कमरे का कुंडी टूटी हुई मिली, जिससे चोरी का पता चला। मंगलवार को सिंचाई के बाद उस कमरे का ताला लगाकर वह घर लौट गया था। चोरों ने बिजली के बोर्ड से कटआउट और काले रंग के वायर के साथ खेत में लगे केबल भी चोरी कर लिए। इस वारदात में करीब 15,000 रुपये की चोरी की गई है। पुलिस ने चौकीदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।





