Paddy purchase 2025 : किसानों के बोनस का इंतजार जल्द होगा खत्म, CM साय ने किया ऐलान

रायपुर: छत्तीसगढ़ ने इस बार धान खरीदी में नया रिकॉर्ड दर्ज किया है. जिसमें 150 लाख मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीदी की गई है और इसके MSP की राशि भी किसानों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई है. अब ऐसे में किसानों को इंतजार है. तो बोनस का.
दरअसल सरकार ने इस बार 3100 रुपए की दर से धान खरीदी की है, जिसमें समर्थन मूल्य की राशि धान बेचने के कुछ दिन बाद खाते में ट्रांसफर कर दी गई है। वहीं, अब किसानों को बोनस का इंतजार है। तो आपको बता दें कि किसानों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। इस बात की जानकारी खुद प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय ने दी है।
सीएम साय ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर कहा है कि किसानों को जल्द ही धान के बोनस जल्द ही खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि धान बोनस के तौर पर किसानों के खाते में 12 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। सीएम साय ने कहा कि हम जल्द ही मोदी की एक और गारंटी को पूरा करने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार के कृषि विभाग के अनुसार 2024-25 सीजन के लिए 149 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद की गई है, जो खरीद का नया रिकॉर्ड है। बीते साल 2023-24 में राज्य में 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी, जो मौजूदा खरीद की तुलना में करीब 4 फीसदी कम है। धान के लिए तय एमएसपी के साथ ही बोनस राशि की घोषणा के चलते राज्य के किसानों के लिए सरकारी क्रय केंद्रों पर उपज बेचना फायदेमंद रहा है।
राज्य जनसंपर्क विभाग के अनुसार 14 नवंबर 2024 को धान की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर शुरू हुई थी और ढाई महीने लंबा धान खरीद अभियान 31 जनवरी 2025 को खत्म हुआ है। इस दौरान 25,49,592 किसानों से 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद के साथ अब तक का सबसे हाईएस्ट रिकॉर्ड बनाया गया है। धान खरीद के लिए 160 लाख मीट्रिक का टारगेट रखकर खरीद शुरू की गई थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक धान की खरीद महासमुंद जिले से 11.04 लाख मीट्रिक टन की गई है। इसके बाद बेमेतरा से 9.38 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। जबकि, बलौदा बाजार-भाटापारा ने 8.56 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।





