SAIFALI KHAN ATTACK: छत्तीसगढ़ में पकड़े संदिग्ध को पुलिस ने छोड़ा, आकाश बोला मैं गुनहगार नहीं

दुर्ग। सैफ अली खान पर हमले के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक आकाश कैलाश कन्नौजिया से पूछताछ के बाद उसे दुर्ग रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। आकाश को दुर्ग रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया था। दुर्ग और मुंबई पुलिस ने शनिवार की रात से लेकर रविवार की सुबह तक उससे पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आकाश ने खुद को बेगुनाह बताया है। पुलिस को दिए बयान में आकाश ने कहा, कि मैं गुनहगार नहीं हूं।
रिश्तेदार के घर जाने की बात बोली
आकाश ने पुलिस काे बताया, कि वो अपने रिश्तेदार के घर जांजगीर-चांपा जा रहा था। दुर्ग स्टेशन में जनरल डिब्बे में बैठा था, इस दौरान आरपीएफ वालों ने पकड़ लिया और चौकी ले आए। आपको बता दे, कि मुंबई पुलिस ने आकाश की फोटो दुर्ग आरपीएफ को भेजी थी और इस आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आकाश सिर्फ एक संदिग्ध है और उसे आरोपी नहीं माना गया। पूछताछ के बाद उसे दुर्ग रेलवे स्टेशन छोड़ दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।





