राजस्थान के ड्राइवर से रायपुर में लूट, हथियार दिखाकर लूटे 35 हजार

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एक ट्रेलर ड्राइवर से बाइक सवार अज्ञात 3 बदमाशों द्वारा लूट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने ट्रेलर का दरवाजा खुलवाकर हथियार की नोक पर ड्राइवर के पास रखे नगदी 35 हजार रुपये की लूट की।
वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मइके से फरार हो गए। जिसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत आमानाका थाने में की है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी मानाराम चौधरी रायपुर-बिलासपुर हाइवे बाईपास रोड पर ट्रेलर रोककर अंदर बैठा हुआ था, तभी बाइक पर सवार 3 अज्ञात बदमाश वहां आए और ट्रक का दरवाजा खोलने कहा।
वहीं ड्राइवर के दरवाजा खोलते ही आरोपियों ने उस पर हथियार अड़ा दिया और नगदी लेकर रफूचक्कर हो गए। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उनकी पतासाजी में जुट गई है।





