रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर 5 लाख से ज्यादा की ठगी, आरोपी दंपत्ति बिहार से गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 5.40 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर दंपत्ति को बिहार के भागलपुर से गिरफ्तार किया है।इस मामले में प्रार्थी डोमन कुमार राजपूत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी रूपेश कुमार रजक ने खुद को रेलवे में लोको पायलट बताते हुए और उच्च अधिकारियों से संपर्क होने का दावा कर प्रार्थी को नौकरी का झांसा दिया।
उसने प्रार्थी से बैंक और डिजिटल पेमेंट के माध्यम से 5.40 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में ले लिए। आरोपी ने फर्जी चयन सूची और नियुक्ति पत्र देकर प्रार्थी को धोखे में रखा, लेकिन समय पर जॉइनिंग लेटर नहीं मिलने पर प्रार्थी को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना बिल्हा और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर भागलपुर, बिहार में छापा मारकर आरोपी रूपेश कुमार रजक और उसकी पत्नी रोमा कुमारी को गिरफ्तार किया है।





