“बदमाशों का कहर: सरपंच और पार्षद भाभी पर हमला, अधाधुंध फायरिंग-पथराव, पांच गाड़ियां तोड़ी”

मुरैना। मुरैना जिले के जौरा कस्बे की सिकरवार कॉलोनी में बुधवार रात सरपंच तेज सिंह सिकरवार, उनकी भाभी और वार्ड पार्षद रेनू सिकरवार सहित दो अन्य पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने लाठी-सरियों से पीड़ितों की पिटाई की, फायरिंग की और वाहनों पर पथराव कर जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में घायल सरपंच की हालत गंभीर है।
गाड़ी तलाशी के बहाने हमला किया
जानकारी के अनुसार, सरपंच तेज सिंह सिकरवार अपनी कार से घर लौटे थे, तभी मोहल्ले के शैलू सिकरवार और उसके आधा दर्जन साथी वहां पहुंचे। उन्होंने सरपंच से गाड़ी की तलाशी देने को कहा। सरपंच के मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सरपंच ने इसका विरोध किया, तो उन पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया।
बीच बचाव में आने वालों पर भी हमला
हमले के दौरान सरपंच के साले का बेटा बीच-बचाव के लिए आया, लेकिन बदमाशों ने उसे भी बुरी तरह पीटा। वार्ड पार्षद रेनू सिकरवार और सौरभ की मां पूनम बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला किया। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग और पथराव करते हुए घर के बाहर खड़ी चार कारों और एक बाइक को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
घायल सरपंच और पार्षद का इलाज जारी
गंभीर रूप से घायल सरपंच तेज सिंह और रेनू सिकरवार को पहले जौरा अस्पताल, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। सरपंच की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें ग्वालियर और बाद में दिल्ली रेफर किया गया।
आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने सौरभ परमार की शिकायत पर शैलू सिकरवार, रिंकू सिकरवार, शिशुपाल सिकरवार, पारथ सिकरवार, गुडूआ उर्फ राजपाल सिकरवार और दुर्गेश सिकरवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, और पुलिस जांच में जुटी है।





