घर में तोड़फोड़ कर मां को पीट रहे बेटे को पिता ने मार डाला, फिर थाने पहुंचकर किया सरेंडर…

भोपाल : घर में झगड़ा करते हुए जमकर तोड़फोड़ करने के बाद बेटे ने पहले पिता से मारपीट की। बीच-बचाव के लिए आगे आने पर उसने मां को भी बेरहमी से पीट दिया। इस पर गुस्से में आकर पिता ने रस्सी से गला घोंटकर बेटे की हत्या कर दी। शुक्रवार शाम हनुमानगंज इलाके की बालविहार कालोनी में हुई इस घटना के बाद आरोपित पिता ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

टेलर की दुकान पर करता था काम

हनुमानगंज एसीपी राकेश बघेल ने बताया कि हत्यारोपित बालविहार कालोनी निवासी वृंदावन नामदेव पेशे से टेलर है। वह एक प्रतिष्ठित दुकान में काम करता है। परिवार में पत्नी 40 वर्षीय दुर्गा के अलावा उनके दो बेटों में बड़ा 28 वर्षीय हेमंत उर्फ हनी नामदेव भी था। वृंदावन का छोटा बेटा भी एक टेलर की दुकान पर काम करता है।

घर में करता था हंगामा

हेमंत उर्फ हनी कोई कामकाज नहीं करता था। वह खर्च करने के लिए अड़ीबाजी करके घर से रुपये लेता था। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए घर के सामान में तोड़फोड़ करने लगता था। शुक्रवार को भी वह सुबह से घर में हंगामा कर रहा था। घर छोड़ने के लिए सामान भी बांध लिया था।

घर से निकलने की थी तैयारी, अचानक हुआ उग्र

एसीपी बघेल ने बताया कि दिन भर झगड़ा करने पर पिता ने हेमंत को घर से निकल जाने को बोला। उसने घर छोड़ने के लिए 40 हजार रुपये की मांग रख दी। माता-पिता उसके लिए भी तैयार हो गए। हेमंत ने अपनी जरूरत का सारा सामान भी बांध लिया था। शाम करीब पांच बजे हेमंत अचानक उग्र हो गया और घर की टीवी, आइना सहित कीमती सामान तोड़ दिया।

गुस्साए पिता ने हत्या की, फिर पत्नी के साथ थाने भी पहुंचा

पत्नी को पिटता देख वृंदावन नामदेव ने आपा खो दिया और गुस्से में हेमंत के गले में रस्सी का फंदा बनाकर कस दिया। इससे हेमंत की मौत हो गई। घटना के बाद पति-पत्नी खुद थाने पहुंच गए। वहां पहुंचकर वृंदावन ने पुलिस को गला घोंटकर बेटे की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने दुर्गा नामदेव से तहरीर लेकर उसके पति वृंदावन नामदेव कर बेटे हेमंत उर्फ हनी की हत्या करने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button