48 घंटों में मध्य प्रदेश में बदल जाएगा मौसम, बादल के साथ कई जिलों में कोहरा-धुंध..

भोपाल : राजस्थान पर बने चक्रवात के कारण सर्द हवा चलने का सिलसिला बना हुआ है। इस वजह से मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। हवाओं के साथ कुछ नमी आने के कारण कोहरा और धुंध भी छा रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक बना रह सकता है।

बुधवार को मध्य प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। वहीं हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा। इसी तरह राजधानी में रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।

अगले दो दिनों में छा सकते हैं बादल

मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद हवाओं के साथ नमी आने से कुछ बादल छा सकते हैं। इससे रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी भी हो सकती है। वर्तमान में देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जेट स्ट्रीम बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

रात के तापमान में गिरावट

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसके प्रभाव से लगातार सर्द हवाएं मध्य प्रदेश की तरफ आ रही हैं। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट हो रही है। हवाओं के साथ कुछ नमी भी आने से ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में कोहरा बना हुआ है। शेष शहरों में सुबह के समय धुंध बनी रहती है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में तमिलनाडु के तट के पास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बनने जा रहा है। आगे बढ़कर यह कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो सकता है। इस मौसम प्रणाली के असर से हवाओं का रुख बदल सकता है। इसके चलते दो दिन बाद प्रदेश में कहीं-कहीं बादल भी छा सकते हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button