पचमढ़ी में गिरा पारा, भोपाल-नर्मदापुरम समेत पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट

भोपाल : बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा चक्रवाती तूफान दाना काफी कमजोर पड़ने के बाद हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में परिवर्तित हो गया है। वर्तमान में यह ओडिशा के तट पर मौजूद है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इस मौसम प्रणाली के असर से सोमवार से पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा, जबलपुर एवं शहडोल संभाग के जिलों में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।

उधर, रविवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना में दर्ज किया गया। प्रदेश के 25 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रिकार्ड किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के तट पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है, जो लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक बना हुआ है। इस चक्रवात के असर से सोमवार से पूर्वी मध्य प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि दो दिन बाद नर्मदापुरम और भोपाल संभाग के जिलों में भी कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। बादल बने रहने के कारण सोमवार से पूर्वी मप्र के जिलों में रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button