जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार की रिश्वत लेने वाला हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड, वीडियो वायरल

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में एक हेड कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। मामले से जुड़ा बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है।
जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर वसूले पैसे
जानकारी के मुताबिक, पंतोरा चौकी में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल रमेश त्रिपाठी पर विकास देवांगन से जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए 40 हजार रुपए लेने का आरोप है। आरोप है कि पहले 30 हजार रुपए लिए गए और बाद में शेष 10 हजार रुपए भी मांगकर ले लिए गए। हालांकि, रकम लेने के बावजूद जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया गया।
पैसे लौटाने से किया इनकार, वीडियो हुआ वायरल
जब पीड़ित ने अपना पैसा वापस मांगा तो हेड कॉन्स्टेबल ने कथित तौर पर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। वायरल वीडियो में वह कहते सुनाई दे रहा है कि, “एसपी से शिकायत कर दो, मैं पैसा वापस नहीं करूंगा। मुझे लाइन अटैच करा दो, 10 हजार रुपए मैं दूंगा, तुम कुछ भी करो पैसे वापस नहीं करूंगा।” वीडियो में वह तत्कालीन चौकी प्रभारी से बातचीत करते हुए भी नजर आ रहा है।
एसपी ने किया सस्पेंड, जांच के आदेश
मामले के सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने हेड कॉन्स्टेबल रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी प्रदीप सोरी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





