वकील की हत्या से सनसनी, पत्नी से संबंधों के शक में क्लाइंट ने पत्थर से कुचलकर मार डाला

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक वकील की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी से संबंध होने के शक में वकील पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल वकील की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पत्नी से संबंध होने के शक में रची साजिश
मृतक की पहचान 27 वर्षीय निखिल गोस्वामी के रूप में हुई है। वह पेशे से वकील होने के साथ-साथ जिम संचालक और निजी संस्थान में बाउंसर का काम भी करता था। जांच में सामने आया है कि वह एक आपराधिक प्रवृत्ति के युवक भोला मानिकपुरी का कानूनी मामला देख रहा था।
इसी दौरान निखिल की पहचान आरोपी की पत्नी से हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि काफी समय पहले दोनों के बीच बातचीत बंद हो चुकी थी, लेकिन आरोपी का संदेह बना हुआ था। इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई।
आंखों में मिर्च झोंककर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम निखिल अपने एक मित्र के साथ बाहर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से निखिल संभल नहीं सका और उसका साथी मौके से भाग गया।
इसके बाद आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल निखिल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह और कथित संबंधों का शक सामने आया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।





