छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा का निधन, कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उन्हें अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद बिलासपुर सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, रूप नारायण सिन्हा भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे। वे इस कार्यक्रम के प्रभारी भी थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
उनके निधन पर विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री Raman Singh ने गहरा शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि रूप नारायण सिन्हा का असामयिक निधन बेहद पीड़ादायक है और भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक ने भी उनके निधन को पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि रूप नारायण सिन्हा ने भाजपा संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
रूप नारायण सिन्हा के निधन के बाद भाजपा का पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान स्थगित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर के तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अब आगे की सूचना तक टाल दिया गया है।
अस्पताल से उनके पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस के जरिए रायपुर रवाना किया गया।





