आज से शुरू हुआ नौतपा, अगले 9 दिन झुलसाएगी गर्मी; कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर और तेज हो गया है। सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो गई है, जिसके चलते अगले 9 दिनों तक प्रदेश में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में रविवार को लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित 10 से ज्यादा शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं माना एयरपोर्ट में पारा 45 डिग्री, दुर्ग में 44.5, बेमेतरा में 44.3 और बिलासपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जांजगीर-चांपा में तापमान 43.5 डिग्री, जगदलपुर में 43.3 और रायगढ़ में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोरबा, बलरामपुर, अंबिकापुर और जशपुर जैसे इलाकों में भी तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में सोमवार को आसमान साफ रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दोपहर के समय लू चलने की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और लू से सावधानी बरतने की सलाह दी है।





