सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री साय ने गिनाईं योजनाएं, बोले- सरकार खुद पहुंच रही जनता के द्वार

रायपुर में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर जिले के रामानुजनगर-पटना पहुंचे। समाधान शिविर में उन्होंने आम लोगों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए खुद गांव-गांव पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य लोगों की शिकायतों और जरूरतों का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने बताया कि यह उनका 11वां जिला दौरा है और 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों का दौरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस दिया गया है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। साथ ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास भी स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना की जानकारी लेते हुए बताया कि करीब 70 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू होगी, जहां लोग टोल-फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रामपुर-रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम, पटना में हायर सेकेंडरी स्कूल और सूरजपुर पॉलीटेक्निक की बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री किसान रघुनंदन सिंह के घर पहुंचे, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक भोजन का स्वाद लिया। मिट्टी के चूल्हे पर बने व्यंजनों और दोना-पत्तल में परोसे गए भोजन के जरिए उन्होंने प्रदेश की संस्कृति और ग्रामीण परंपरा से जुड़ाव का संदेश दिया।





