कार में घूमकर बेच रहे थे MDMA ड्रग्स: बिलासपुर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, 13 लाख का माल जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एमडीएमए ड्रग्स बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स और एक कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में कार क्रमांक CG 28 L 8130 में सवार दो युवक नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मादक पदार्थ बेचने के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चकरभाठा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है और वे ड्रग्स कहां से लाते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button