सुशासन तिहार की शुरुआत: जनता के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 मई से शुरू हुए सुशासन तिहार के तहत अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत कर दी है। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान करना और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानना है।

रविवार सुबह मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलीपेड से हेलिकॉप्टर के जरिए दौरे पर रवाना हुए। इस दौरान वे अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लेंगे। उनके साथ प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और विशेष सचिव रजत कुमार बंसल भी मौजूद हैं।

सरकार की ओर से 1 मई से 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह बनाकर और शहरी इलाकों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इन शिविरों में लोगों की शिकायतें मौके पर ही सुनी जा रही हैं और कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया जा रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी सीधे शिविर में दिया जा रहा है, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

IMG 2684

प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम एक महीने के भीतर निपटारा किया जाए और हर आवेदक को उसकी शिकायत की स्थिति की जानकारी भी दी जाए।

सरकार का कहना है कि सुशासन तिहार के जरिए प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा और योजनाओं का लाभ सही लोगों तक तेजी से पहुंचेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button