फर्जी नौकरी का जाल: डाक विभाग के नाम पर नियुक्ति पत्र वायरल, लाखों की ठगी

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर में इन दिनों भारतीय डाक विभाग के नाम पर एक फर्जी नियुक्ति आदेश वायरल हो रहा है, जिसके जरिए बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि ठगों ने भारत सरकार और डाक विभाग के नाम का इस्तेमाल कर बेहद असली दिखने वाला नियुक्ति पत्र तैयार किया, जिसमें पोस्टिंग, जॉइनिंग डेट और अधिकारी की मुहर तक शामिल की गई। लेकिन विभाग ने साफ किया है कि यह दस्तावेज पूरी तरह फर्जी है और इसका उनसे कोई संबंध नहीं है।
बताया जा रहा है कि पखांजूर क्षेत्र के करीब 6 लोग इस ठगी का शिकार हुए हैं, जिनसे नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये वसूले गए। कई पीड़ित डर के कारण सामने नहीं आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें शिकायत करने पर पैसे न लौटाने की धमकी दी गई है।

डाक विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी नियुक्ति पत्र या नौकरी से जुड़े दस्तावेज की पहले आधिकारिक वेबसाइट या कार्यालय से पुष्टि जरूर करें। साथ ही, किसी एजेंट या बिचौलिए के झांसे में आकर पैसे न दें।
यह मामला सिर्फ ठगी का नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ का भी है, जिससे सतर्क रहने की जरूरत है।





