भारतमाला जांच पर सख्त सरकार: दोषियों को नहीं मिलेगी राहत – मंत्री टंकराम वर्मा

रायपुर। भारतमाला परियोजना में चल रही जांच और छापेमारी को लेकर टंकराम वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह अधिकारी हो, नेता हो या कोई अन्य। उन्होंने कहा कि जांच लगातार आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में और भी नाम सामने आ सकते हैं, जिन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री वर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक को लेकर कहा कि यह नियमित प्रक्रिया है, जिसमें कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाता है और अधिकारियों के लिए नए लक्ष्य तय किए जाते हैं, ताकि काम में तेजी और गुणवत्ता बनी रहे।
आगामी सुशासन तिहार को लेकर उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 1 मई से शुरू होकर एक महीने तक चलेगा। विष्णुदेव साय सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनता को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि अपराध और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। नाबालिग से जुड़े चाकूबाजी हत्या मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ही कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई है।
वहीं DMF से जुड़े कथित 18 हजार करोड़ रुपये के घोटाले पर उन्होंने कहा कि जहां भी अनियमितताएं सामने आएंगी, उनकी जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





