नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सियासत तेज: भाजपा का कांग्रेस पर हमला, कहा- महिलाओं के अधिकारों से किया विश्वासघात

रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पारित नहीं होने पर भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों के साथ बड़ा अन्याय किया है और इसका राजनीतिक खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा।
रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में अरुण सिंह ने कहा कि 17 अप्रैल का दिन इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाना था, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इस अवसर को खो दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी महिलाओं के अधिकारों की बात आती है, कांग्रेस ने हमेशा बाधा खड़ी की है। विपक्ष द्वारा बिल पास नहीं होने पर खुशी जताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में महिलाओं को सदियों से शक्ति का स्वरूप माना जाता रहा है, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने महिलाओं की उम्मीदों को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह देश की आधी आबादी के साथ अन्याय है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उज्ज्वला योजना और महतारी वंदन योजना जैसी पहलें महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महापौर मीनल चौबे और कई महिला नेता भी मौजूद रहीं। सभी नेताओं ने एक सुर में कांग्रेस पर महिला विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका संघर्ष जारी रहेगा और महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है।





