रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई: मुंबई से मास्टरमाइंड बाबू खेमानी गिरफ्तार,पुलिस ला रही रायपुर

रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मुंबई में छापेमारी कर मुख्य सरगना बाबू खेमानी और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी होटल में बैठकर Indian Premier League (IPL) मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहा था। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपियों को रायपुर लेकर आ रही है, जहां पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, बाबू खेमानी इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएशन के नाम पर सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। वह ‘3 Stump’ नाम के सट्टा ऐप का संचालक बताया जा रहा है। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क के तार दुबई तक जुड़े हो सकते हैं।
इस मामले में पुलिस ने पहले ओडिशा और महाराष्ट्र में एक साथ कार्रवाई कर 20 सटोरियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 82 मोबाइल, 10 लैपटॉप और करीब 60 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए थे।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।





