निर्माणाधीन बिल्डिंग में हादसा: 8 फीट गड्ढे में दबकर कारपेंटर की मौत, मिट्टी धंसने से जिंदा दफन हुआ मजदूर

रायपुर में बिल्डिंग निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां मिट्टी धंसने से एक कारपेंटर जिंदा दफन हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना कचना इलाके में एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट साइट पर हुई, जहां क्लब हाउस का काम चल रहा था और कई मजदूर मौके पर काम कर रहे थे।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय गुड्डू रवि के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था। वह करीब 8 फीट गहरे गड्ढे में शटरिंग का काम कर रहा था, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का ढेर उसके ऊपर गिर गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला और वह वहीं दब गया।
साथी मजदूरों ने तुरंत उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काम बंद कर दिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें हादसे की सही जानकारी नहीं दी गई और पहले बीमारी की बात बताई गई। बाद में अस्पताल पहुंचने पर सच्चाई सामने आई। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक एक महीने पहले ही काम के सिलसिले में रायपुर आया था और ठेकेदार के साथ काम कर रहा था। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है, जिनकी उम्र पांच साल, तीन साल और नौ महीने बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।





