महासमुंद में कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट के बाद FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कांग्रेस नेताओं के बीच आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस की सूचना को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया, जिसमें नेताओं ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी और कांच के गिलास तोड़ दिए।
जानकारी के मुताबिक यह विवाद जिला उपाध्यक्ष विजय साव, पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और पूर्व कोषाध्यक्ष निर्मल जैन के बीच हुआ। महंगाई के मुद्दे पर आयोजित पत्रकार वार्ता के बाद विजय साव ने आरोप लगाया कि उन्हें और अन्य पदाधिकारियों को कार्यक्रम की जानकारी समय पर नहीं दी गई थी। इसी बात को लेकर पहले बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान नेताओं के बीच जमकर हाथापाई हुई। गुस्से में कुर्सियां और गिलास फेंके गए, जिससे कई सामान टूट गए और कुछ नेताओं के कपड़े भी फट गए।
स्थिति बिगड़ने पर जिलाध्यक्ष ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नेताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे शांत नहीं हुए। बाद में सख्ती बरतने पर मामला नियंत्रित किया गया।
इस घटना में जिला उपाध्यक्ष विजय साव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने उन्हें कांग्रेस भवन से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि उन्हें हाल ही में जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।





