इंटरनेट कटौती पर संसद में उठा मुद्दा: ब्रजमोहन अग्रवाल ने ‘बिजली जैसे बिलिंग सिस्टम’ की मांग की

नई दिल्ली। बार-बार इंटरनेट बंद होने और उपभोक्ताओं को बिना किसी मुआवजे के होने वाली परेशानी को लेकर रायपुर सांसद ब्रजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में अहम मुद्दा उठाया है। उन्होंने टेलीकॉम कंपनियों की जवाबदेही तय करने और ब्रॉडबैंड बिलिंग सिस्टम में बड़े बदलाव की मांग की।
ब्रजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में इंटरनेट कोई सुविधा नहीं, बल्कि एक जरूरी सेवा बन चुका है। देश में डेटा उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग खराब नेटवर्क और बार-बार कटौती से परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ता हर महीने 5-6 दिन तक इंटरनेट ठप रहने की शिकायत कर रहे हैं, वहीं कुछ को 12 से 48 घंटे तक लगातार नेटवर्क समस्या झेलनी पड़ती है। इसके बावजूद उन्हें पूरे महीने का बिल देना पड़ता है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
लोकसभा में नियम 377 के तहत यह मुद्दा उठाते हुए उन्होंने TRAI (भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण) के सेवा गुणवत्ता नियमों में बदलाव की मांग की।
उन्होंने सुझाव दिया कि ब्रॉडबैंड बिलिंग सिस्टम को बिजली मीटर की तरह बनाया जाए। यानी जिस समय इंटरनेट सेवा बंद रहे, उस दौरान बिलिंग भी बंद हो जानी चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और कंपनियों को बेहतर सेवा देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की।





