रायपुर में एयरफोर्स के विंग कमांडर ने की आत्महत्या: विधायक कॉलोनी स्थित घर में फांसी लगाई, जांच शुरू

रायपुर। राजधानी रायपुर में एयरफोर्स के एक विंग कमांडर द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी में हुई, जहां विंग कमांडर ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
पुलिस के अनुसार एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव (39) ने पुरैना विधायक कॉलोनी स्थित बंगला नंबर 79 में अपने घर के कमरे में फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि वे यहां अपने परिवार के साथ रह रहे थे। घटना का पता तब चला जब परिजनों ने उन्हें कमरे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि विंग कमांडर विपुल यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और फिलहाल रायपुर में तैनात थे। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद विधायक कॉलोनी और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।





